बंगाल जीत की खुशी में इंदौर में जश्न, पटाखे और मिठाइयों की तैयारी
इंदौर: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी की बढ़त की खबर मिलते ही मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में उत्सव का माहौल बन गया है। शहर के भाजपा कार्यालय से लेकर ऐतिहासिक राजवाड़ा तक, पार्टी कार्यकर्ताओं ने बंगाल में पहली बार 'कमल खिलने' की खुशी में भव्य जश्न की रूपरेखा तैयार कर ली है। सुबह 11:30 बजे से शुरू होने वाले इस उत्सव के लिए कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है।
बंगाली मिठाई और लाइव स्क्रीन के साथ जश्न की तैयारी
इंदौर भाजपा के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि इस ऐतिहासिक जीत को खास बनाने के लिए पार्टी कार्यालय पर विशेष रूप से बंगाली मिठाइयां मंगवाई गई हैं। जीत के परिणामों को लाइव देखने के लिए कार्यालय परिसर में बड़ी स्क्रीन लगाई गई है ताकि कार्यकर्ता हर पल के अपडेट से रूबरू हो सकें। भाजपा मीडिया प्रभारी वरुण पाल के अनुसार, बंगाल की यह संभावित जीत भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रचेगी, जिसे इंदौर के कार्यकर्ता आतिशबाजी और ढोल-धमाकों के साथ मनाएंगे।
महापौर भार्गव का दावा: देपालपुर का दौरा और 'सुखद संयोग'
इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने रुझानों पर खुशी जताते हुए एक दिलचस्प संयोग का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस दिन बिहार चुनाव के परिणाम आए थे, वे देपालपुर के दौरे पर थे और आज पांच राज्यों के नतीजों के दिन भी वे वहीं मौजूद हैं। भार्गव ने विश्वास जताया कि यह 'देपालपुर संयोग' इस बार भी सटीक बैठेगा और पश्चिम बंगाल में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने बंगाल की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वहां की जनता ने सनातन और विकास के पक्ष में मतदान किया है।
पांच राज्यों की स्थिति और दक्षिण में टीवीके का 'सरप्राइज'
देश के पांच राज्यों के चुनाव परिणामों के बीच दक्षिण भारत से भी रोचक रुझान सामने आ रहे हैं:
-
असम और पुडुचेरी: भाजपा और एनडीए गठबंधन अपनी बढ़त बनाए हुए हैं।
-
केरल: यहाँ एलडीएफ और यूडीएफ के बीच कांटे की टक्कर है, जहाँ यूडीएफ बाजी पलटता हुआ दिखाई दे रहा है।
-
तमिलनाडु: सत्ताधारी डीएमके आगे जरूर है, लेकिन अभिनेता विजय की नई पार्टी TVK ने कई सीटों पर बढ़त बनाकर सबको चौंका दिया है। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों में टीवीके कई सीटों पर डीएमके और एआईएडीएमके के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरी है।
इंदौर के भाजपा नेताओं का कहना है कि अगले एक घंटे में जैसे ही रुझान और अधिक स्पष्ट होंगे, राजबाड़ा पर विजय जुलूस और आतिशबाजी का सिलसिला शुरू कर दिया जाएगा।
जावेद अख्तर ने फिल्म ‘धुरंधर’ पर कही बड़ी बात, विवाद हुआ तेज
ड्रैगन का सख्त रुख, अमेरिकी पाबंदियों को बताया दखलअंदाजी
गोल्ड इन्वेस्टमेंट पर बड़ा सवाल: क्या अब भी है फायदे का सौदा?
रुझानों में TVK का दबदबा, तमिलनाडु में DMK तीसरे नंबर पर